हाथरस। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर स्थित ब्राह्मण संघ शिविर में युवा ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में भव्य एवं भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस सांस्कृतिक व आध्यात्मिक कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे संपूर्ण शिविर प्रांगण भक्ति रस में सराबोर नज़र आया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी धीरज पांडेय ने मुख्य दीप प्रज्वलित कर किया। भजन संध्या की अध्यक्षता ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा एवं युवा ब्राह्मण महासभा के संरक्षक धीरेंद्र पाठक ने संयुक्त रूप से की।
सुप्रसिद्ध गायकों ने दी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां
भजन संध्या के दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायक विशाल दुबे और दीपक गुप्ता ने अपनी सुमधुर आवाज़ में एक से बढ़कर एक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गायकों की संगीतमयी स्वर लहरियों पर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर होकर देर रात तक झूमते रहे। दोनों गायकों की प्रस्तुतियों ने प्रांगण में भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित कर दी।
अतिथियों एवं पदाधिकारियों का किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम के समापन पर युवा ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष शुभम पचौरी, शिविर के पदाधिकारियों एवं पूरी टीम के सदस्यों ने आगंतुक अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। अध्यक्ष शुभम पचौरी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक व सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

