Hathras :- वोट चोरी और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के गंभीर आरोपों को लेकर चुनाव आयोग की चुप्पी पर सवाल उठने लगे हैं। हाथरस कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब लोकतंत्र की नींव यानी चुनाव प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं, तो आयोग चुप बैठकर अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकता।
विवेक उपाध्याय ने कहा कि मतदाता सूची और वोटिंग प्रक्रिया में धांधली की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आयोग को सारे कागजात, आंकड़े और रिकॉर्ड तुरंत जनता के सामने रखने चाहिए। जनता को सिर्फ खोखले आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस सबूत और साफ जवाब चाहिए।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि अगर चुनाव आयोग इन गंभीर आरोपों का सही जवाब नहीं दे पाता है, तो ज्ञानेश कुमार को अपने पद पर रहने का कोई नैतिक हक नहीं है। सरकार को इस पूरे मामले की हाई-लेवल जांच करानी चाहिए और जो भी अधिकारी इसमें शामिल पाए जाएं, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
