वोट के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में INDIA गठबंधन ने हुंकार भरी है। पहलवान होटल स्थित बस स्टैंड के सामने आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनावी प्रक्रिया में अनियमताओं को लेकर सरकार व निर्वाचन आयोग के खिलाफ तीखा मोर्चा खोला।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना व्यवस्था की मूल जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को हाथरस के गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा।”
वहीं, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का एक-एक वोट बेहद महत्वपूर्ण है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और INDIA गठबंधन के साथ मिलकर मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेगी।
6 अक्टूबर को अंबेडकर पार्क से निकलेगा पैदल विरोध मार्च
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गठबंधन नेताओं ने ऐलान किया कि 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे अंबेडकर पार्क से एक व्यापक पैदल विरोध मार्च निकाला जाएगा। दोनों जिलाध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस मार्च में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कुशवाह, बनी सिंह बघेल, रामनारायण काके, मोहर सिंह, सत्यवीर सिकरवार, धीरज पांडेय, ब्रह्मदेव शर्मा, करुणेश मोहन दीक्षित, अशोक गुप्ता, डॉ. मुकेश चंद्रा, अवधेश बख्शी, अजीत गोस्वामी, बॉबी यादव सहित INDIA गठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
