सासनी (हाथरस)। कस्बा सासनी स्थित 25 बेड वाले राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की बदहाल और जर्जर स्थिति में जल्द ही सुधार होने की उम्मीद जग गई है। भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा की पहल पर आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए संबंधित विभाग को तुरंत आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं।
जर्जर भवन से मरीजों को हो रही थी परेशानी
यतेन्द्र शर्मा ने आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि सासनी स्थित यह आयुर्वेदिक चिकित्सालय क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन वर्तमान में इसका भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में है। इसके कारण यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और स्थानीय नागरिकों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
यतेन्द्र शर्मा ने की शीघ्र कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रदेश मंत्री ने आयुष मंत्री से अनुरोध किया कि अस्पताल भवन का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, भवन की वर्तमान स्थिति का सटीक आकलन हो और मरम्मत व जीर्णोद्धार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए।
आयुष मंत्री ने दिए त्वरित निर्देश
यतेन्द्र शर्मा की इस पहल पर गंभीरता दिखाते हुए आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार करने का निर्देश दिया है।
विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी होते ही अस्पताल के कायाकल्प का काम शुरू हो सकेगा। इस निर्णय से सासनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित वातावरण में बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

