हाथरस। देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) पार्टी की हाथरस इकाई ने रविवार को एक अनोखा प्रदर्शन किया। केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए पार्टी पदाधिकारियों ने आम जनता, गरीबों और मजदूरों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी का वितरण किया।
यह कार्यक्रम रविवार सुबह 8 बजे मुरसान गेट स्थित बौहरे वाली देवी मंदिर के पास आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, जिला महासचिव व प्रभारी निशांत उपाध्याय और भाजपा के पूर्व विस्तारक संजीव गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 5 क्विंटल चीनी रियायती दरों पर बांटी गई।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में बाजार में चीनी व अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम आम आदमी के बजट से बाहर हो चुके हैं। सरकार को महंगाई पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने स्पष्ट किया कि जब तक महंगाई पर नियंत्रण नहीं होता, उनका यह प्रतीकात्मक विरोध जारी रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष राजेश शर्मा (एडवोकेट), जिला मंत्री मनोज उपाध्याय और जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा की प्रमुख भूमिका रही। इस दौरान पूर्व आईपीएस आदित्य प्रकाश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष सौरभ पाराशर, अभिषेक पाठक, पूनम शर्मा, कुमकुम ठाकुर, ओम प्रकाश भारद्वाज, राम कुमार वर्मा, कालू पंडित, आर्यन उपाध्याय, हर्षवर्धन द्विवेदी, ललितेश सक्सेना, हरेन्द्र उपाध्याय, अरुण शर्मा, मुकेश कुमार, देवांशु भारद्वाज और ऋतु कुमार गौतम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

