हाथरस। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित लेबर कॉलोनी के पार्क में जल्द ही प्रकाश व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जगी है। पार्क में स्ट्रीट लाइट लगवाए जाने की मांग को लेकर पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नवायुक्त जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए पीयूष बब्बू ने स्थानीय निवासियों और पार्क में खेलने वाले मासूम बच्चों की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त रोशनी न होने के कारण शाम ढलते ही पार्क में अंधेरा छा जाता है, जिससे खेलकूद के लिए आने वाले बच्चों और टहलने वाले बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नवायुक्त जिलाधिकारी ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को पार्क में जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आया था मुद्दा उल्लेखनीय है कि करीब तीन दिन पूर्व लेबर कॉलोनी पार्क में खेल रहे बच्चों की मांग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। उस दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी अतुल वत्स ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब नवायुक्त जिलाधिकारी के समक्ष दोबारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में पार्क के जल्द जगमगाने की आस बंधी है।
