सीधी/चुरहट। सामान्य वर्ग के हक और अधिकारों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेतृत्व की चुप्पी के खिलाफ सवर्ण समाज ने अनोखा और कड़ा विरोध दर्ज कराया है। 30 अगस्त को सीधी-रीवा मार्ग स्थित चुरहट सोन नदी पुल के नीचे सवर्ण समाज के लोगों ने एकत्रित होकर मौन नेताओं का प्रतीकात्मक पिंडदान, मुंडन, अंतिम संस्कार एवं आत्मा शांति यज्ञ आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के शत्रुघ्न पाण्डेय और हरी मिश्रा ने मुंडन कराया और विधि-विधान से प्रतीकात्मक पिंडदान किया। इस विरोध प्रदर्शन में नीरज मिश्रा, देवराज सिंह, शिवा पाठक, शिवपूजन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए।
UGC, SC/ST एक्ट और आरक्षण पर चुप्पी से आक्रोश
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन UGC एक्ट, SC/ST एक्ट, जातिगत आरक्षण और सामान्य वर्ग के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मौन साधे बैठे नेताओं के खिलाफ आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब भी सामान्य वर्ग की समस्याओं और अधिकारों की बात आती है, तो राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व रहस्यमयी चुप्पी साध लेता है, जो कि समाज के लिए अत्यंत चिंता का विषय है।

लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई जारी रखने का संकल्प
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस प्रतीकात्मक विरोध का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों का ध्यान सामान्य वर्ग के मुद्दों की ओर खींचना है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्पष्ट किया कि यह एक शुरुआत है और भविष्य में भी अपने हक-अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तथा शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।

